फखरपुर (बहराइच)। मदन कोठी से कुछ दूरी पर स्थित एक क्लीनिक पर चोरों ने मंगलवार रात धावा बोल दिया। चोर क्लीनिक में रखी नगदी व सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर उठा ले गये। बुधवार की सुबह घटना का पता चलने पर थाने में तहरीर दी गई। हालांकि, अभी मुकदमा पंजीकृत नहीं किया गया है।
मदन कोठी से लगभग तीन सौ मीटर की दूरी पर अल्ताफ हुसैन क्लीनिक चलाते हैं। मंगलवार की रात वह क्लीनिक बंद कर वह घर चले गये थे। रात में ही किसी समय चोरों ने क्लीनिक का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद क्लीनिक में रखी सभी अलमारियों व लॉकरों को खंगाला। चोरों ने लॉकर में रखे दो लाख रुपये पार कर दिए। साथ ही जाते समय सीसीटीवी कैमरे की फुटेज रिकॉर्ड करने वाली डीवीआर भी उठा ले गये जिससे उनकी पहचान न हो सके। सुबह क्लीनिक संचालक अल्ताफ हुसैन को चोरी की घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने थाने में तहरीर दी।