बहराइच। रिसिया स्थित हसन ब्लड बैंक पर गोंडा से सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के नेतृत्व में आई टीम ने छापा मारा। इस दौरान ब्लड बैंक से 39 यूनिट रक्त बरामद हुआ। कुछ ब्लड बैग टीम को प्रथम दृष्टया संदिग्ध लगे। इस पर जांच टीम ने नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। साथ ही ब्लड बैंक को सील कर दिया गया है।
बीते गुरुवार को एसटीएफ ने लखनऊ में रक्त की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया था। इनके पास से राजस्थान से तस्करी कर लाया गया कई यूनिट रक्त बरामद हुआ था। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार किए गए तस्करों ने जिले के रिसिया स्थित हसन ब्लड बैंक को भी रक्त की आपूर्ति करने की बात स्वीकार की थी। सोमवार की देर शाम गोंडा से सहायक आयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मनोज कुमार व औषधि निरीक्षक राजू प्रसाद के नेतृत्व में जांच टीम यहां पहुंची। टीम ने यहां से 39 यूनिट रक्त बरामद किया। कुछ रक्त संदिग्ध लगने पर नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए गये। मामले में मनोज कुमार ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने तक ब्लड बैंक सील रहेगा। जांच में रक्त में गड़बड़ी मिली तो सख्त कार्रवाई होगी।