फखरपुर (बहराइच)। रुपईडीहा में सड़क हादसे में घायल रिश्तेदार को देखने जा रहे बाइक सवार दो युवकों को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के बरखुरद्वारापुर गांव निवासी 30 वर्षीय समीर व फखरपुर थाना क्षेत्र के वजीरगंज बाजार निवासी 29 वर्षीय मोहम्मद शाहिल रविवार देर रात बाइक से रुपईडीहा जा रहे थे। बताया जाता है कि वहां कोई रिश्तेदार बीमार था उसे ही देखने जा रहे थे। दोनों जैसे ही लखनऊ-बहराइच हाईवे पर फखरपुर थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप के पास पहुंचे वैसे ही किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं।
राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा जहां दोनों की मौत हो गई। फखरपुर थानाध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच की जा रही है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।