बहराइच। पयागपुर थाना क्षेत्र के छोटी काशीजोत से 25 दिनों से गायब किशोरी अब तक नहीं मिली है। आरोप है कि परिजनों की निशानदेही पर भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। कुछ दिन पहले क्षेत्रीय विधायक सुभाष त्रिपाठी ने भी पयागपुर पुलिस को जल्द जल्द किशोरी को खोजने का निर्देश दिया था, लेकिन पुलिस ढिलाई बरत रही है। पुलिस की कार्यप्रणाली से गांववालों में गुस्सा है।
बता दें कि बीते महीने छोटी काशी जोत की एक किशोरी को ले जाने का आरोप गांव के ही एक समुदाय के युवक पर लगा था। पहले तो पुलिस ने अज्ञात के नाम मुकदमा दर्ज किया, लेकिन बाद में दबाव पड़ने पर संशोधन किया। आरोपी के माता-पिता भी फरार हैं। आरोप है कि थाना प्रभारी को किशोरी की लोकेशन के संबंध में सूचना दी जाती है तो वह नजरअंदाज कर देते हैं। परिजनों का आरोप है कि विधायक सुभाष त्रिपाठी भी कई बार थाना प्रभारी से कह चुके हैं, लेकिन उनकी बात को भी तवज्जो नहीं दी जा रही है। एसपी से भी शिकायत की गई, लेकिन थाना प्रभारी किसी की सुनने को तैयार नहीं हैं। मामले में सीओ पयागपुर राजीव सिसोदिया ने बताया कि टीमें गठित कर दी गईं हैं। जल्द ही किशोरी को बरामद कर लिया जाएगा।