बहराइच। जिलेवासियों के लिए लखनऊ, वाराणसी व गोरखपुर की यात्रा जल्द ही आसान होने वाली है। यात्रा आसान करने के लिए गोंडा में यार्ड का रि-मॉडलिंग कार्य पूरा किया जा चुका है। बहुत जल्द ही जिलेवासियों को लखनऊ, बनारस व गोरखपुर की यात्रा करने के लिए ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। गोंडा में यार्ड रि-मॉडलिंग कार्य पूरा होने के बाद शुक्रवार से बहराइच-गोंडा रूट की ट्रेनें शुरू कर दी गईं हैं जिससे यात्रियों को पहले की तरह सुविधाएं मिलने लगी हैं। विभागीय अफसरों के मुताबिक, जुलाई माह से लखनऊ, बनारस व गोरखपुर की यात्रा की सुविधा मिलना शुरू हो सकती है, हालांकि इस पर पूरी तरह से खुलकर बोलने को अधिकारी तैयार नहीं हैं।
बहराइच व गोंडा के लिए तीन बार ट्रेनों का संचालन हो रहा था। 17 मई से गोंडा से बहराइच रूट की ट्रेनें बंद कर दी गईं थीं। ट्रेन संचालन बंद करने के बाद गोंडा यार्ड में रि मॉडलिंग (नॉन इंटरलॉकिंग) कार्य शुरू कर दिया गया था। लगभग एक माह बाद अब कार्य पूरा हो चुका है। कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया है। शुक्रवार से पहले की तरह गोंडा-बहराइच रूट पर ट्रेनें दौड़ने लगीं। गोंडा में यार्ड रि-मॉडलिंग कार्य पूरा होने से जिलेवासियों को काफी सुविधा मिलेगी। अब बहराइच स्टेशन से यात्री बिना ट्रेन बदले बनारस, गोरखपुर व लखनऊ की यात्रा कर सकेंगे।
हालांकि, विभाग की ओर से समय की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि जुलाई माह से ट्रेनों का संचालन शुरू हो सकता है। माना जा रहा है कि ट्रेनों का संचालन शुरू होने के बाद सबसे ज्यादा सुविधा बहराइच से लखनऊ की यात्रा करने वाले यात्रियों को मिलेगी क्योंकि अभी कोई रेल सेवा न होने के कारण यात्री बस से ही लखनऊ के लिए यात्रा कर रहे हैं। जिले से लखनऊ, वाराणसी व गोरखपुर की यात्रा शुरू होने का इंतजार जिलेवासी काफी दिनों से कर रहे हैं जो अब जल्द ही खत्म हो जाएगा।
गोंडा में यार्ड रि-मॉडलिंग कार्य शुरू होने के कारण बीती 17 मई से गोंडा-बहराइच रूट की ट्रेनें बंद कर दी गईं थीं। गोंडा में कार्य पूरा होने के बाद शुक्रवार से ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया है। ट्रेन संचालन में कोई बदलाव नहीं हुआ है। पहले की तरह तीन बार गोंडा से बहराइच व बहराइच से गोंडा की ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
- अनिल चौधरी, स्टेशन अधीक्षक, बहराइच
गोंडा में यार्ड रि-मॉडलिंग का कार्य पूरा हो गया है। कार्य पूरा होने के बाद गोंडा-बहराइच रूट की ट्रेनों का संचालन शुक्रवार से शुरू कर दिया गया है। गोंडा में कार्य पूरा होने से जिलेवासियों को वाराणसी, गोरखपुर व लखनऊ की यात्रा का मौका आगे मिलेगा। ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, लेकिन अभी तिथि की घोषणा नहीं की गई है। उम्मीद है कि अब यात्रियों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
- सीएम त्रिपाठी, यातायात निरीक्षक, बहराइच