गायघाट (बहराइच)। थाना मोतीपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कुड़वा निवासी चार वर्षीय बालिका रविवार दोपहर अपने घर के आंगन में खेल रही थी। परिजनों की नजर हटते ही वह गायब हो गई थी। परिजनों ने काफी देर तक खोजबीन करने के बाद गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सोमवार सुबह बालिका का शव घर से कुछ दूरी पर बरामद हुआ। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी व एएसपी ने घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।
ग्राम पंचायत कुड़वा निवासी मुकेश कुमार की चार वर्षीय पुत्री प्राची रविवार की दोपहर अपने घर के आंगन में खेल रही थी। कुछ ही देर में वह लापता हो गई। इस पर परिजनों ने घर के आसपास व गांव में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी देर तक बालिका का पता न चलने पर उन्होंने गुमशुदगी दर्ज करवा दी। सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने बालिका का शव घर से कुछ दूरी पर देखा। शव पर चोट के निशान भी स्पष्ट थे। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस व परिजनों को दी।
शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बालिका का शव मिलने की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मोतीपुर मुकेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसपी केशव प्रसाद चौधरी व एएसपी अशोक कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिजनों को शीघ्र ही घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी का आश्वासन भी दिया। एएसपी, ग्रामीण अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटना के सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है जिससे घटना के कारणों का पता चल सके। जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।