खैरीघाट (बहराइच)। महसी तहसील क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को अज्ञात कारणों से लगी आग से दो आशियाने राख हो गये। ग्रामीणों ने फायर बिग्रेड की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया। आग से खेत का बैनामा करवाने के लिए घर में रखे 50 हजार रुपये व महिलाओं के जेवर समेत गृहस्थी का सामान जल गया। आग से दो लाख से अधिक के नुकसान की बात कही जा रही है।
हरदी थाना क्षेत्र के कोटिया गांव में मंगलवार की दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे अज्ञात कारणों से प्रमोद कुमार पुत्र मिश्रीलाल के घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पड़ोस में बने मिश्रीलाल पुत्र गोकरन के घर को भी आगोश में ले लिया। आग की लपटें देखते ही ग्रामीण दौड़े और आग बुझाने लगे। ग्रामीणों ने आग की सूचना फायर विभाग को भी दी।
कड़ी मशक्कत के बाद फायर बिग्रेड के सहयोग से ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक प्रमोद व मिश्रीलाल के आशियाने जलकर राख हो गए। पीड़ित प्रमोद ने बैनामा करवाने के लिए कई दिनों से पैसा इकट्ठा कर रखा था। उसने 50 हजार रुपये इकट्ठा किए थे जो आग में जल गये। साथ ही जेवर व गृहस्थी का सामान भी जल गया। दोनों घरों में दो लाख से अधिक के नुकसान की बात कही जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि आग लगने की सूचना नायब तहसीलदार सौरभ कुमार को दे दी गई है।