बहराइच। स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं पर छींटाकशी और छेड़छाड़ कर रहे शोहदों को शिक्षिका ने रोका तो उन्होंने हद ही पार कर दी। शोहदों ने विद्यालय के रैंप पर शिक्षिका का अश्लील चित्र बनाकर अभद्र टिप्पणी लिख दी। शिक्षिका ने बीएसए को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे बीएसए ने जांच की और ग्राम प्रधान से थाने में तहरीर दिलवाई। ग्राम प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
संविलियन विद्यालय रिसिया में तैनात एक शिक्षिका का आरोप है कि बीते कुछ दिनों से गांव के कुछ अराजक तत्व स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं पर छींटाकशी व छेड़छाड़ कर रहे थे। आरोप है कि विरोध किया गया तो शोहदों ने विद्यालय के रैंप पर शिक्षिका का अश्लील चित्र बनाकर अभद्र टिप्पणी लिख दी। शनिवार को शिक्षिका स्कूुल पहुंचीं तो यह देखकर दंग रह गईं। सूचना पर बीएसए अजय कुमार स्कूल पहुंचे और जांच की। बीएसए ने बताया कि ग्राम प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कुछ शोहदों को उठाया भी है। वहीं, पुलिस ने बताया कि सिर्फ अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है। एसपी केशव चौधरी ने बताया कि ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ जल्द से जल्द और कठोर कार्रवाई की जाएगी।