बहराइच। बिछिया-मिहींपुरवा मार्ग पर स्थित वन बैरियर पर शनिवार की सुबह हाथियों का झुंड पहुंच गया जिससे आवागमन ठप रहा। मार्ग पर टस्कर हाथी के रुकने से लगभग 15 मिनट तक आवागमन बंद रहा। इस दौरान फोटो खींचने वाले राहगीरों को हाथी ने दौड़ा लिया। राहगीरों ने भागकर जान बचाई। काफी देर बाद हाथियों का झुंड जंगल की ओर गया तब जाकर आवागमन शुरू हुआ। इससे राहगीरों ने राहत की सांस ली।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के जंगल से हाथियों का झुंड आबादी की ओर बढ़ने लगा है। बताया जाता है कि शुक्रवार देर शाम से हाथियों का मूवमेंट बिछिया-बहराइच मार्ग पर रहा। शनिवार सुबह लगभग सात बजे हाथियों का झुंड बिछिया के वन बैरियर पर पहुंचा। हाथियों का झुंड सड़क पारकर जंगल में चला गया, लेकिन एक टस्कर हाथी वन बैरियर के सामने बिछिया-बहराइच के मुख्य मार्ग पर डटा रहा। दोनों ओर जाम लग गया। दर्जनों वाहन व बिछिया से बहराइच जा रही निजी बस का चालक गजराज के हटने का इंतजार करने लगा। इस बीच कुछ लोग तस्वीर खींचने लगे जिस पर हाथी उनको दौड़ा लिया।
सभी ने भागकर जान बचाई। हाथी के गुस्से को देखते हुए बैरियर पर तैनात वनकर्मी असगर अली भी दूर खड़े हो गए और लोगों को सतर्क रहते हुए हाथी के हटने का इंतजार करने को कहा। करीब 15 मिनट के बाद हाथी जंगल की ओर चला गया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी आकाशदीप बधावन ने बताया कि लोगों से लगातार अपील की जा रही है कि जंगली जानवरों से छेड़खानी न करें। परेशान न करें और फोटो खींचने के चक्कर में पास न जाएं।