बहराइच । पयागपुर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने एसपी केशव चौधरी, सीएमओ डॉ. एसके सिंह व एसडीएम, पयागपुर दिनेश कुमार के साथ आए हुए फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
संपूर्ण समाधान दिवस में गोबरे गांव निवासी जगदंबा के लंबित वरासत प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जहां एक ओर फरियादी को खतौनी की नकल उपलब्ध कराई गई, वहीं प्रकरण के निस्तारण में हीलाहवाली बरतने पर रजिस्ट्रार कानूनगो, राजस्व निरीक्षक व संबंधित लेखपाल को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने लेखपालों को निर्देश दिया कि एक सप्ताह का अभियान संचालित कर गैर विवादित उत्तराधिकार के प्रकरणों के निस्तारण के साथ-साथ तालाबों, चकमार्गों व सार्वजनिक भूमि से अवैध कब्जों को हटवाने की कार्रवाई भी की जाए। लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।