नानपारा(बहराइच)। हनुमानजी का जन्मोत्सव नगर क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया। श्रीबालाजी मंडल नानपारा की ओर से नगर क्षेत्र में भव्य निशान यात्रा निकाली गई। इसमें शामिल हनुमानजी की अलौकिक झांकी आकर्षण का केंद्र रही। जगह-जगह लोगों ने झांकी की आरती उतारी और बालाजी महाराज का पूजन अर्चन किया। निशान यात्रा में शामिल श्रद्धालु हनुमान जी के भजनों पर खूब थिरके। जेपी गर्ल्स इंटर कॉलेज के पास स्थित जगदीश्वरी मंदिर से शनिवार की सुबह बालाजी मंडल के नेतृत्व में निशानयात्रा निकाली गई। इसमें राम नाम की पताका लिए सैकड़ों श्रद्धालु शामिल रहे।
जय श्रीराम का जयघोष व राम भजनों पर थिरकते हुए निशान यात्रा श्रीकाली कुंडा मंदिर होते हुए स्टेशन रोड पहुंची जहां बालाजी के भक्तों ने हनुमान जी की झांकी की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी। निशान यात्रा श्रीरामजानकी मंदिर, श्री श्याम प्रभु एवं दादी राणी सती मंदिर होते हुए विश्वनाथ मंदिर पहुंची जहां निशान यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने अपने-अपने निशानों को विश्वनाथ मंदिर में स्पर्श कराया और फिर कार्यक्रम स्थल पहुंचकर हनुमान जी के चरणों में निशान अर्पित किया। निशान यात्रा में श्रीबालाजी मंडल के आलोक तिवारी, अमित रूपानी, आशीष जायसवाल, पंकज जायसवाल, अजय गुप्ता, रोहित चौरसिया आदि शामिल रहे।
हुजुरपुर। ब्लॉक क्षेत्र में हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। हनुमान मंदिर परिसर हुजूरपुर में श्रद्धालुओं ने सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया। इसमें ढोल-मजीरे की धुन पर सभी ने प्रभु श्रीराम के अनन्य भक्त बजरंग बली को याद किया। पाठ के बाद मंदिर पर प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान विवेक कुमार सिंह, धर्मेंद्र सिंह व छोटे बाबू समेत सैकड़ों भक्त मौजूद रहे।