बहराइच। शहर के मोहल्ला बशीरगंज स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान की टिन काटकर चोर 30 हजार से अधिक कीमत की मंहगी शराब की बोतलें व पांच हजार की नकदी साफ कर ले गए। दुकान के मुनीम ने बशीगंज चौकी पर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। चौकी पर दी गई तहरीर में दुकान के मुनीम दिनेश कुमार यादव ने कहा है कि मोहल्ला बशीरगंज के एआरटीओ कार्यालय के पास अंग्रेजी शराब की दुकान है। 14 अप्रैल को शराब की दुकान बंद थी। मुनीम दिनेश ने बताया कि 14-15 अप्रैल की देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान की छत की टिन काटकर तीस हजार से अधिक की शराब की बोतलें व दुकान में रखी पांच हजार की नकदी साफ कर दी। मुनीम ने बताया कि सुबह दुकान खोलने पर जानकारी हुई। मुनीम ने चौकी इंचार्ज को दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज दिखाकर शिनाख्त कर कार्रवाई की मांग की है।