बौंडी (बहराइच)। तेजवापुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत मरौचा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने मारपीट व अभद्रता का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी से मिलकर अपनी व्यथा सुनाई और मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजा। तेजवापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत मरौचा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर सुशीला मिश्रा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में तैनात हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का आरोप है कि वह अपने स्टाफ की ऊषा शुक्ला, सुशीला गुप्ता व सरोज मिश्रा के साथ आंगनबाड़ी केंद्र पर मौजूद थीं।
सहयोगी ऊषा शुक्ला बाल पोषाहार का वितरण करा रही थीं जबकि वह बाल पोषाहार रजिस्टर पर पात्रों के हस्ताक्षर व निशानी अंगूठा लगवा रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान गांव के कुछ लोग आंगनबाड़ी केंद्र पर आए और जबरन बाल पोषाहार लेने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर दबंगों ने वितरण रजिस्टर फाड़ डाला। इसका विरोध किया तो दबंग गाली-गलौच करते हुए मारपीट करने लगे। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। एसपी ने जांच कराकर न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।