उर्रा (बहराइच)। कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के गिरगिट्टी गांव में पिछले दो दिनों से ग्रामीणों को तेंदुआ दिखाई पड़ रहा है। ग्रामीणों की शिकायत पर वन विभाग ने हथिनी जयमाला व चंपाकली के साथ गांव में कांबिंग शुरू कर दी है। कांबिंग में डब्ल्यूटीआई की टीम लगाई गई है। कांबिंग शुरू होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा रेंज के नौबना बीट के गिरगिट्टी गांव में मंगलवार को तेंदुआ दिखाई पड़ा। ग्रामीणों ने सूचना वन विभाग को दी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों को जागरूक किया। बुधवार को दोबारा तेंदुआ गांव में दिखाई पड़ा। लगातार दूसरे दिन तेंदुआ दिखाई पड़ने पर ग्रामीण सकते में आ गए और सूचना डीएफओ आकाशदीप वधावन को दी। ग्रामीणों की सूचना पर डीएफओ ने हथिनी जयमाला और चंपाकली को कांबिंग कराने के निर्देश दिए।
वन क्षेत्राधिकारी इरफान, वन दरोगा आलोक मणि तिवारी, मुनेश्वर सिंह, वन रक्षक अकील, राम नरेश व डब्ल्यूटीआई के डॉक्टर वीरेंद्र वर्मा गांव पहुंचे। महावत मोहर्रम अली, विनोद और इरशाद की टीम ने मजरा बंगला पुरवा में हथिनी को लेकर कांबिंग शुरू कर दी। वन क्षेत्राधिकारी इरफान ने बताया कि तेंदुआ को देखते ही उसे जंगल की ओर खदेड़ा जाएगा। ग्रामीणों को भी जागरूक किया जा रहा है।