सुजौली/बिछिया (बहराइच)। शौच करने गई युवती पैर फिसलने से नदी में डूब गई थी, लेकिन उसका शव बरामद नहीं हुआ था। 25 घंटे बाद गोताखोरों को युवती का शव घटनास्थल से दो किमी. दूर मिला। शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुजौली थाना क्षेत्र के मोहरहवा गांव निवासी 20 वर्षीय कुमारी लाजो पुत्री मनोहर सिंह शनिवार को घर से शौच के लिए निकली थी।
पैर फिसलने से वह घाघरा नदी में गिर गई और बह गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी युवती का शव बरामद नहीं हो सकता था। सुजौली पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव ढूंढने का प्रयास जारी रखा तो रविवार को लगभग 25 घंटे बाद संपतपुरवा के पास युवती का शव बरामद हुआ। सुजौली थानाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।