बहराइच। विधानसभा चुनाव 2022 में बुजुर्ग, दिव्यांग व निर्वाचन कार्य में लगे मतदान कर्मचारियों ने पोस्टल बैलेट से मतदान किया था। जिसके तहत 505 दिव्यांग व बुजुर्ग, 941 सर्विस व 3400 अधिकारी व कर्मचारियों ने अपने वोट डाले थे। गुरुवार को जारी हुए चुनाव परिणाम में समाजवादी पार्टी पोस्टल बैलेट मतदाताओं की पहली पसंद बनकर उभरी है। जिले की सभी सातों विधानसभा सीटों पर सपा को पोस्टल बैलेट से सबसे ज्यादा 2267 व भाजपा को 1114 वोट मिले।
मतदान के इस महापर्व में कोई भी मतदाता छूट न जाए इसके लिए निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों को पोस्टल बैलेट मतदान की सुविधा दी जाती है। वहीं इस बार दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाताओं को भी पोस्टल बैलेट की सुविधा दी गई, ताकि वोट प्रतिशत बढ़ सके। जारी मतगणना परिणामों में समाजवादी पार्टी पोस्टल बैलेट मतदाताओं की पहली पसंद बनी है। पोस्टल बैलेट मतदाताओं ने अपने वोटों के आधार पर जिले की सभी सातों विधानसभा सीटों पर सपा प्रत्याशियों को विजयी बनाया है। वहीं कई पोस्टल मतदाताओं ने नोटा पर भी भरोसा दिखाया है।