बहराइच। शोभापुरवा गांव निवासी युवक का शव नहर में मिला। युवक सोमवार दोपहर घर से निकला था। युवक का शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। नहर में शव बरामद होने से लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
देहात कोतवाली क्षेत्र के शोभापुरवा गांव निवासी 22 वर्षीय रोहित वर्मा पुत्र शिवसहाय वर्मा सोमवार दोपहर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं आया। परिजनों ने खोजबीन कर उसकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। अनहोनी की आशंका जताते हुए परिजनों ने देहात कोतवाली पुलिस को सूचना दी। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मंगलवार को बहराइच-गोंडा हाईवे स्थित रसूलपुर नहर में एक युवक का शव उतराता देख राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
कोतवाल राजनाथ सिंह ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान लापता रोहित के रूप में की गई। स्थानीय लोगों व परिजनों ने हत्या कर शव नहर में फेंकने का आरोप लगाया है। कोतवाल ने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला है कि पिता ने डांटा था जिसके बाद वह नाराज होकर घर से निकला था।