फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुहेलदेव की धरती का एक-एक वोट देगा मजबूती

विज्ञापन
विज्ञापन
बहराइच। पहली बार 2014, दूसरी बार 2017, तीसरी बार 2019 और इस बार चौका। 2022 में भी घोर परिवारवदियों को हराने के लिए जनता फैसला कर चुकी है। इस बार भी भाजपा चौका लगाएगी। ये बातें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पयागपुर के शिवदहा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं। जनसभा में मौजूद भीड़ ने जय श्रीराम के नारे लगाकर उनकी बातों का स्वागत किया।
विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यहां पैर रखने की भी जगह नहीं है। 2014, 2017, 2019 और इस बार भी यूपी के लोग घोर परिवारवादियों को हराने का फैसला कर चुके हैं। आप सब जो यहां इतनी बड़ी संख्या में भाजपा को आशीर्वाद देने आए हैं, उससे साफ है कि यूपी चुनाव में इस बार जीत का चौका लगने वाला है। पीएम ने कहा कि हिंदुस्तान का कोना-कोना शौर्य और पराक्रम से भरा है। हमारी मिट्टी ही हमारा व्यक्तित्व रच देती है। जिस धरती पर हम खड़े हैं, वह महाराजा सुहेलदेव के पराक्रम की महक लिए हुए है। पिछले वर्ष उनके स्मारक के शिलान्यास का मौका मिला। वहां उनकी भव्य प्रतिमा भी लगाई जाएगी। पीएम ने कहा कि पूरी दुनिया में इस वक्त उथल-पुथल मची हुई है।
ऐसे में भारत को ताकतवर और मजबूत होना चाहिए। भारत का ताकतवर होना न सिर्फ भारत बल्कि पूरी मानवता के लिए बहुत जरूरी है। आज आपका एक-एक वोट भारत को ताकतवर बनाएगा। सुहेलदेव की धरती के लोगों का एक-एक वोट देश को मजबूती देगा। पीएम ने कहा कि जब टफ टाइम होता है तो लीडर भी टफ होना चाहिए। समृद्ध भारत के लिए उत्तर प्रदेश का समृद्ध होना, विकसित होना भी जरूरी है। पीएम मोदी ने कहा, मैंने 2014 से लेकर 2017 तक इन घोर परिवारवादियों का कामकाज, उनका कारोबार व उनके कारनामे बहुत करीब से देखे हैं। दुख होता है जब अपने स्वार्थ के लिए घोर परिवारवादियों की सरकारें जनता के हित को ही स्वाहा कर देती हैं। 2017 से पहले बस्ती, गोंडा, बहराइच और बलरामपुर के लोगों ने भी बहुत भेदभाव झेला है।
विज्ञापन

पीएम ने कहा कि जिनके डर से आप घरों से निकलने से बचते थे, जिनकी वजह से बहन-बेटियां परेशान थीं, वे सब आज काबू में हैं, लेकिन अभी ये पूरी तरह न सुधरे हैं और न समझे हैं। इनको मौके की तलाश है। अगर दोबारा इनको मौका मिल गया तो उनकी जान में जान आ जाएगी। बदले का भाव लेकर बैठे हैं। उनको दोबारा खड़े नहीं होने देना है। भाजपा सरकार के प्रयासों की वजह से डर का माहौल दूर हो रहा है। अब डर उनको लग रहा है जो दशकों तक लोगों को डराते रहते थे।
पीएम ने कहा कि संकट में हमारी सरकार किसी का साथ नहीं छोड़ती बल्कि गरीब परिवारों का संबल बनकर खड़ी रहती है। गरीबों के लिए सरकार की इसी संवेदनशीलता को इस कोरोना काल में भी देखा और महसूस किया गया है। इसी संकट के समय हमारी सरकार ने इस बात पर जोर दिया कि हिंदुस्तान का कोई भी नागरिक अमीर हो या गरीब शहर में रहता हो या गांव में, स्त्री हो या पुरुष, टीका लगने से छूट न जाए।
पीएम मोदी ने कहा कि घोर परिवारवादी लोगों ने आपको बहकाने के लिए दिन-रात नए-नए भ्रम व अफवाहें फैलाईं, लेकिन आपका विश्वास व प्रेम था जिसके कारण वे सफल नहीं हो पाए। उन्होंने यहां तक कह दिया कि यह वैक्सीन भाजपा की है। आपने उनकी कोई बात नहीं सुनी, चुनाव में भी न सुनना।
पीएम मोदी ने कहा कि स्कूल में ढीले-ढाले टीचर हों तो बच्चों को पसंद आते हैं? परिवार को पसंद आता है? दरोगा कमजोर हो तो पसंद आता है? इसके बाद पूछा, भाइयों इतना बड़ा देश मजबूत कंधों पर होना चाहिए या नही। फिर कहा, आज हम सभी आपके सामने किसी महायज्ञ के लिए सहयोग मांगने आए हैं। उत्तर प्रदेश आज विकास की जिस राह पर चल पड़ा है उसको आगे बढ़ाने के लिए डबल इंजन की सरकार जरूरी है।
पीएम मोदी की जनसभा में पुलिसकर्मियों ने पानी की बोतल तक ले जाने की अनुमति नहीं दी। इस कारण लोग प्यास से परेशान रहे। लोगों को काफी समस्याओं का सामना भी करना पड़ा। पानी न मिलने से रैली में लोग इधर-उधर पानी की तलाश करते दिखे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें