बाबागंज (बहराइच)। नेपाल की बांके पुलिस ने दो भारतीय नागरिकों को लूटपाट के आरोप में गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के पास से अवैध पिस्टल भी बरामद की गई है। दोनों अभियुक्तों से नेपाली पुलिस पूछताछ कर रही है।
बांके के डीएसपी मधुसूदन न्योपाने ने बताया कि बांके पुलिस टीम ने जानकी गांव पालिका वार्ड नंबर पांच के अंर्तगत दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान भारतीय सीमावर्ती कस्बा रुपईडीहा निवासी डब्लू मनिहार व बाबागंज के बाबाकुट्टी निवासी निजामुद्दीन कबड़िया के रूप में हुई है। एसपी न्योपाने ने बताया कि दोनों अभियुक्तों को बर्दिया बढ़ैयाताल गांव पालिका वार्ड नंबर आठ के सीताबाजार निवासी परशुराम सरकी के घर से सोना व तीन लाख 35 हजार रुपए तथा खजुरा गांव पालिका निवासी हरिप्रकाश डीसी के घर से 50 हजार रुपए नकद, साढ़े तीन तोला सोना व एक पल्सर मोटरसाइकिल की लूट के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।