बहराइच। सैनिक स्कूल में पढ़ाई कर एनडीए व सीडीएस समेत अन्य सुरक्षा बलों में भविष्य बनाने के इच्छुक छात्र-छात्राओं को जिले में ही सुविधा प्राप्त होगी। इसके लिए शीघ्र ही पीपीपी मॉडल पर सैनिक स्कूल का संचालन किया जाएगा। रक्षा मंत्रालय से हरी झंडी मिल गई है।
सैनिक स्कूल उच्च गुणवत्ता युक्त शिक्षा व बेहतर अनुशासन के लिए जाने जाते हैं। अभी तक सैनिक स्कूल में दाखिला लेने वाले छात्र-छात्राओं को लखनऊ, देहरादून व राजस्थान समेत दूरदराज के प्रांतों में स्थित विद्यालयों की शरण लेनी पड़ती थी। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर अभिभावक अपने बच्चों का प्रवेश सैनिक स्कूलों में नहीं करा पाते थे। अब जनपद में सैनिक स्कूल की स्थापना के लिए रक्षा मंत्रालय ने हरी झंडी दे दी है जिससे शीघ्र ही जनपद में भी सैनिक विद्यालय का शुभारंभ हो सकेगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. चंद्रपाल ने बताया कि छात्र-छात्राओं को राष्ट्र की समृद्ध संस्कृति और विरासत की जानकारी देने तथा शैक्षिक दृढ़ता, अनुशासन व मूल्य आधारित शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से सैनिक स्कूल खोला जाएगा। प्रस्तावित सैनिक स्कूल, सैनिक स्कूल सोसाइटी रक्षा मंत्रालय से संबद्ध रहेगा। प्रस्तावित परियोजना को मूर्त रूप देने के लिए रक्षा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसकी जानकारी वेब पोर्टल सैनिक स्कूल डॉट एनसीओजीडॉटगोडॉटइन पर प्राप्त की जा सकती है।