बहराइच। जिले में पांचवें चरण के दौरान विधानसभा चुनाव के तहत मतदान का कार्य होगा। इसके लिए पोलिंग पार्टियां व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को पोलिंग बूथ तक पहुंचाने के लिए एआरटीओ प्रशासन ने 1425 वाहनों का अधिग्रहण करने की कार्ययोजना बनाई है। एआरटीओ प्रशासन ने वाहनों के अधिग्रहण को लेकर वाहन स्वामियों को अधिग्रहण नोटिस भेजने की कवायद भी शुरू कर दी है।
जिले में पांचवें चरण में मतदान का कार्य 27 फरवरी को होगा। मतदान कार्य को पारदर्शिता के साथ सकुशल निपटाने के लिए पूरा जिला प्रशासन जुटा हुआ है। प्रशासन की ओर से जिले में 2902 बूथ बनाए गए हैं। बूथों पर पोलिंग पार्टियों को पहुंचाने व मतदान में सेक्टर मजिस्ट्रेटों की रवानगी के लिए प्रयोग होने वाले वाहनों की व्यवस्था की जिम्मेदारी एआरटीओ को दी गई है। जिम्मेदारी में कोई चूक न हो, इसके लिए एआरटीओ ने वाहनों के अधिग्रहण को लेकर सूची तैयार करनी शुरू कर दी है। विभाग की ओर से पोलिंग पार्टियों को भेजने व लाने के लिए 725 वाहन व सेक्टर मजिस्ट्रेटों के लिए भी सात सौ वाहनों के अधिग्रहण की कार्ययोजना बनाई है।
विभाग की ओर से वाहनों के अधिग्रहण को लेकर वाहन स्वामियों को अधिग्रहण नोटिस भेजने की कवायद शुरू कर दी गई है। एआरटीओ प्रशासन राजीव कुमार ने बताया कि चुनाव में पोलिंग पार्टियों के लिए 725 व सेक्टर मजिस्ट्रेटों के लिए सात सौ वाहनों का अधिग्रहण किया गया है। वाहन स्वामियों को इस आशय का अधिग्रहण नोटिस भेजने की कवायद शुरू की गई है कि सभी समय रहते अपने वाहनों को दुरुस्त करा लें। वाहन चालकों का डबल डोज टीकाकरण भी अनिवार्य है।