पयागपुर (बहराइच)। पयागपुर के सेंट जेवियर्स स्कूल के प्रांगण में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जलशक्ति मंत्री ने दहाड़ लगाई। उन्होंने कहा कि भारत माता को डायन कहने वालों का नाम भी लेंगे तो पाप पड़ेगा। आजकल डायन कहने वाले जेल में बंद है। जिन्ना और पाकिस्तान का नाम लेने में सपा को कोई संकोच नहीं है। इत्र से हमेशा सुगंध आती थी, लेकिन पहली बार ऐसा हुआ है कि सपा के इत्र से दुर्गंध आ रही है।
कार्यक्रम में पहुंचे विशिष्ट अतिथि सौरभ शर्मा ने कहा कि आज सरकार युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रही है। क्षेत्रीय विधायक सुभाष त्रिपाठी ने बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि भीड़ बता रही है कि दूर-दूर तक कोई नहीं है। अबकी बार फिर 300 पार की स्थिति रहेगी। सभा को सांसद अक्षयवर लाल गोंड, महसी विधायक सुरेश्वर सिंह, पयागपुर विधायक प्रतिनिधि निशंक त्रिपाठी, ब्लॉक प्रमुख अजीत प्रताप सिंह, पूर्व विधायक अरुणवीर सिंह व जिला पंचायत सदस्य समय प्रसाद मिश्रा ने भी संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष श्यामकरण टेकड़ीवाल, भाजयूमो अवध क्षेत्र अध्यक्ष नितिन मित्तल, उपाध्यक्ष विवेक सिंह, जिलाध्यक्ष वृजेश पांडेय, डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, श्रावस्ती के हरिओम तिवारी, ऋषभ तिवारी, किंचू तिवारी, अर्पित श्रीवास्तव, दुर्गेश सिंह आदि मौजूद रहे।
भाजयूमो के कार्यक्रम से पूरे पयागपुर विधासभा क्षेत्र का तापमान गर्म हो गया। माहौल जय श्रीराम के नारों से लगातार गूंजता रहा। इस कार्यक्रम में पूरे विधानसभा क्षेत्र से लोग पहुंचे हुए थे। भीड़ इतनी रही कि पैतोरा मोड़ के पास जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। भीड़ को देखकर क्षेत्रीय विधायक सुभाष त्रिपाठी के साथ-साथ जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह भी गदगद दिखे।
कार्यक्रम खत्म होने के बाद महेंद्र सिंह का चित्तौरा में जोरदार स्वागत हुआ। भाजपा नेता राजा यशवेंद्र विक्रम सिंह और उनके समर्थकों ने फूलमाला पहनाकर महेंद्र सिंह व प्रदेश सचिव सौरभ भूषण का स्वागत किया। इस दौरान सदस्य प्रदेश कार्य समिति ऋषभ तिवारी, मंडल अध्यक्ष रामरूप, सतीश पाल आदि मौजूद रहे।