कैसरगंज (बहराइच)। फसल क्षति सहायता राशि में किए गए घोटाले में दो लेखपाल दोषी पाए गए। दोनों लेखपालों को एसडीएम के आदेश पर निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है। घोटाले की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर पांच सदस्यीय टीम ने मामले की जांच की थी।
फसल सहायता राशि घोटाले की शिकायत मिलने पर सहकारिता मंत्री ने घोटाले की जांच के लिए मुख्यमंत्री को पत्र भेजा था। जिलाधिकारी ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम कैसरगंज को जांच के निर्देश दिए थे। एसडीएम महेश कुमार कैथल ने पांच सदस्यों की टीम गठित कर प्रकरण की जांच के निर्देश दिए थे। जांच के दौरान लेखपाल मयंक सिंह व प्रदीप यादव को दोषी पाया गया। एसडीएम द्वारा दोनों लेखपालों को निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही जितने भी अपात्र लोगों को सहायता राशि दी गई है। उसकी रिकवरी के लिए भी तहसीलदार को निर्देश दिए गए हैं।