बहराइच। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के समापन समारोह में बलहा विधायक सरोज सोनकर की जुबान फिसल गई। इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जब मैं विद्यालयों में निरीक्षण करने जाती हूं तो वहां पर शिक्षक सोते हुए मिलते हैं। इतना सुनते ही मौजूद शिक्षकों ने हंगामा काट दिया। मौके पर मौजूद जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र और बीएसए ने स्थिति को नियंत्रित किया।
दो दिवसीय जनपद स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन शिक्षकों द्वारा इंदिरा स्टेडियम में किया गया था। जनपद के 14 ब्लॉकों की टीमें प्रतियोगिता में शामिल हुई थी। खो-खो, कबड्डी, दौड़, योगा समेत विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता तथा उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरण करने के लिए समापन समारोह का आयोजन किया गया। सब कुछ कुशलतापूर्वक चल रहा था। विजेता टीमें भी उत्साह पूर्वक पुरस्कार लेने के लिए मंच के समीप मौजूद थीं। तभी समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि व भाजपा विधायक सरोज सोनकर ने अपने संबोधन में उनके निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में शिक्षकों के सोते हुए मिलने की बात कह दी। ऐसे में स्टेडियम परिसर में हंगामा मच गया।
काफी संख्या में एकत्रित शिक्षकों ने नारेबाजी शुरु कर विरोध जताना शुरू कर दिया। मौके की स्थिति को देखते हुए मंच पर मौजूद डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने माइक हाथ में लेकर खेद प्रकट किया। उन्होंने सभी शिक्षकों द्वारा पूर्ण मनोयोग से शिक्षण कार्य करने के लिए उनकी प्रशंसा की। बीएसए अजय कुमार ने भी शिक्षकों की प्रशंसा करते हुए खेद प्रकट किया। तब किसी प्रकार शिक्षक शांत हुए। हालांकि काफी देर तक चले हंगामे के कारण पुरस्कार वितरण रद्द कर दिया गया।