बहराइच। जिले में 48 घंटे में दो मासूम डेंगू की चपेट में आकर बीमार हो गए। प्लेट्लेट्स कम होने के कारण एक मासूम को लगातार झटके आ रहे हैं। मासूम को शहर के निजी अस्पताल में परिजनों ने इलाज के लिए भर्ती कराया है। चिकित्सकों के अनुसार मासूम की हालत पहले से बेहतर है।
हुजुरपुर थाना क्षेत्र के भग्गड़वा गांव निवासी एक व्यक्ति के 18 माह के बेटे के शरीर में सूजन के साथ पेशाब में खून आने की शिकायत शुरू हुई। इसके बाद बच्चे को तेज बुखार के साथ झटके आने लगे। मासूम की हालत बिगड़ने पर परिजन शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में लेकर पहुंचे। बच्चे का इलाज डॉ. शिशिर अग्रवाल ने शुरू किया। इलाज शुरू करने के बाद भी बच्चे को राहत नहीं मिली तो डॉक्टर ने डेंगू टेस्ट निजी लैब से कराया। चिकित्सक के अनुसार, बच्चे के अंदर डेंगू की पुष्टि हुई। जांच में पाया गया कि मासूम की प्लेटलेट्स 40 हजार थीं।
डेंगू की पुष्टि होने पर चिकित्सक ने बच्चे को वेंटीलेटर पर भर्ती कर इलाज शुरू किया। चिकित्सक ने बताया कि बच्चे की सामान्य धड़कन 70 होनी चाहिए, लेकिन 150 हार्ड बीप थी। वहीं, डेंगू की चपेट में आया दूसरा पांच वर्षीय बच्चा श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र का है। दोनों बच्चों का उपचार डॉ. शिशिर अग्रवाल कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब बच्चे की हालत में सुधार हो रहा है। परिजनों को बच्चे के स्वास्थ्य की जानकारी दी जा रही है। फिलहाल घबराने वाली कोई बात नहीं है।