बहराइच। गेहूं की बोआई के लिए खाद डालने का सर्वोत्तम समय चल रहा है, लेकिन जिले में डीएपी की किल्लत देखने को मिल रही है। इसके चलते सहकारी समितियों पर खाद के लिए किसानों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। शनिवार को जेल रोड स्थित इफको किसान सेवा केंद्र के बाहर भी यही हाल रहा। वहीं, कुछ किसानों को खाली हाथ भी लौटना पड़ा। उधर, सरकारी अमला भरपूर खाद होने का दावा कर रहा है।
इस बाद कई किसानों ने पूर्व में हुई बारिश से पैदा हुई नमी में ही गेहूं की बोआई कर दी थी। वहीं, कुछ किसान पानी चलवाकर खेत तैयार होने का इंतजार कर रहे थे। दोनों ही तरह के किसानों के लिए खाद डालने का सर्वोत्तम समय चल रहा है। गेहूं की बोआई कर चुके किसानों को पहली टॉप ड्रेसिंग के लिए खाद की जरूरत है तो वहीं सिंचाई कर खेत तैयार होने का इंतजार कर रहे किसानों को बोआई के लिए खाद की आवश्यकता है, लेकिन दोनों ही प्रकार के किसानों को आसानी से खाद नहीं मिल पा रही है।
विभाग की ओर से तो भरपूर मात्रा में जिले में खाद उपलब्ध होनेे का दावा किया जा रहा है, लेकिन सहकारी समितियों पर उमड़ने वाली किसानों की भीड़ विभागीय दावों की पोल खोलती है। शनिवार को जेल रोड स्थित इफको किसान सेवा केंद्र पर भारी तादाद में किसान खाद लेने पहुंचे, लेकिन कुछ लोगों को ही खाद वितरित कर शेष को वापस भेज दिया गया। इससे किसानों में भारी निराशा देखने को मिली। वहीं, कई किसानों ने केंद्र संचालकों पर मनमानी व कालाबाजारी का भी आरोप लगाया। किसान सेवा केंद्र के सूचना पट्ट पर 30 तारीख से खाद न होने की सूचना अंकित देखी गई।
सुबह से लाइन में लगे हैं। जब नंबर आने की नौबत आई तो बताया गया कि अब खाद नहीं बंटेगी। सुबह जिसको टोकन दिया गया है, केवल उसे ही मिलेगी। डीएपी के लिए महीनों से दौड़ लगा रहे हैं, लेकिन नहीं मिल पा रही है।
- बच्चाराम मौर्य, बहराइच
गेहूं की बोआई अभी नहीं की है। बोआई के लिए तीन दिन से खाद लेने आ रहे हैं। पहले दो दिन खाद नहीं थी। अब आई भी तो नहीं मिल रही है। बस कल-कल कहकर टाला जा रहा है। ऐसा रहा तो खेत की नमी सूख जाएगी।
- मोहम्मद युनुस, बहराइच
चार दिन से खाद के लिए इफको केंद्र की दौड़ लगा रहे हैं, लेकिन खाद नहीं मिल रही है। आज सुबह से लाइन में लगे थे। अब बताया जा रहा है कि नंबर खत्म हो गया है। कल आइऐ। लगता है बाहर से ही महंगी खाद खरीदनी पड़ेगी।
बच्चा राम मौर्य, बहराइच
3712 मीट्रिक टन डीएपी मंगवाई गई है जिसे शुक्रवार को जिले के सभी 171 वितरण केंद्रों पर भेज दिया गया है। कहीं भी खाद की कमी नहीं है। जेल रोड स्थित इफको किसान सेवा केंद्र की मशीन खराब हो गई थी इसलिए किसानों को समस्या हुई। रविवार को भी किसानों को खाद दी जाएगी।
- सतीश पांडेय, जिला कृषि अधिकारी