बहराइच। अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग जन दिवस पर इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जलशक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने प्रदेश सरकार की ओर से दिव्यांगों की बेहतरी के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में दिव्यांग जनों को कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण भी प्रदान किये गये।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि दिव्यांगजन भी समाज के अभिन्न अंग हैं। हमें उनके साथ बराबरी का व्यवहार करना चाहिए। प्रदेश सरकार दिव्यांग जनों के सशक्तिकरण के लिए कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण वितरण के साथ शिक्षा, पेंशन, आवास तथा स्वावलंबन के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। वर्तमान सरकार ने दिव्यांग जनों का आरक्षण 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 4 प्रतिशत कर दिया है। कार्यक्रम में 110 दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, 10-10 कान की मशीन व स्मार्ट ब्लाइंड स्टिक का वितरण किया गया। इस अवसर पर सांसद अक्षयवर लाल गोंड, विधायक सरोज सोनकर, डीएम डॉ. दिनेश चंद्र, एसडीएम सदर सौरभ गंगवार, डीआईओएस डॉ. चंद्रपाल, बीएसए अजय कुमार आदि मौजूद रहे।