उर्रा (बहराइच)। हरखापुर संपर्क मार्ग पर एक बाइक के अनियंत्रित होने से उस पर सवार मासूम बालिका सड़क पर गिर र्गई। इसी दौरान पीछे से आ रही एक ट्रॉली से कुचलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कोतवाली मुर्तिहा अंतर्गत सेमरी घटही ग्राम निवासी शमीम अपनी पांच वर्षीय बेटी फलक को लेकर उसके ननिहाल नानपारा गया था। वहां से वह बाइक से गुरुवार शाम लौट रहा था।
मासूम फलक बाइक की टंकी पर बैठी थी। शमीम जब बाइक से हरखापुर संपर्क मार्ग के 24 नंबर पुल पर पहुंचा तो बाइक अनियंत्रित हो गई जिससे फलक सड़क पर गिर गई। जब तक शमीम बाइक से उतरकर फलक को उठाता तब तक पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रॉली ने उसे कुचल दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। हालांकि, अभी पुलिस को तहरीर नहीं मिली है।