बिछिया (बहराइच)। भरथापुर गांव में घर से शौच के लिए निकली युवती नदी के कटान में बह गई। आसपास के लोगों ने किशोरी को बहता देख चीख-पुकार मचाई, लेकिन तब तक वह काफी दूर चली गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोर को तलाश के लिए लगाया, लेकिन कुछ पता नहीं लग सका।
नेपाल में पहाड़ों पर हो रही मूसलाधार बारिश से गेरुआ व कौड़ियाला नदी उफान पर है। इसके चलते सुजौली थाना क्षेत्र के भरथापुर गांव में नदी के तेज बहाव के चलते कटान हो रहा है। इसी गांव की 19 वर्षीय सविता पुत्री बेचू मंगलवार सुबह लगभग छह बजे घर से शौच के लिए निकली थी। तेज बहाव के कारण कट गई और युवती बहाव के साथ चली गई। सूचना पर सुजौली थानाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और गोताखोरों को बुलाकर तलाश शुरू कराई। थानाध्यक्ष ने बताया कि युवती की तलाश कराई जा रही है।