उर्रा (बहराइच)। मधवापुर गांव में खेत जोतकर वापस आ रहे किसान की ट्रैक्टर पर एचटी लाइन टूटकर गिर गई। किसान ने ट्रैक्टर से कूदकर जान बचाई। इस दौरान ट्रैक्टर की गद्दी व अन्य सामान जल गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने लाइन दुरुस्त की।
कोतवाली मुर्तिहा अंतर्गत मधवापुर गांव निवासी छेदीलाल वर्मा पुत्र श्रीराम वर्मा गांव के ही रहने वाले एक किसान का खेत शुक्रवार को जोतने गए थे। खेत जोतने के बाद छेदीलाल वर्मा वापस घर आ रहे थे। सड़क की पगडंडी पर ऊपर से गुजरी एचटी लाइन टूटकर ट्रैक्टर पर गिर गई। तार गिरते ही चालक ने सूखी लकड़ी की मदद से नीचे कूदकर जान बचाई, लेकिन ट्रैक्टर की सीट व प्लास्टिक का सामान जल गया। आसपास के लोगों ने लाइन काटने की सूचना उपकेंद्र में दी। काफी देर बाद विभाग की ओर से लाइन काटा गया। इसके बाद पहुंचे कर्मचारियों ने लाइन को ठीक किया।