04 बीएचआर 32 - बहराइच के मोहरनिया गांव निवासी किसान की लखीमपुर हिंसा में मौत के बाद घर के पास सुरक्षा ?
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। लखीमपुर में हुई हिंसा में बहराइच के दो किसानों की मौत हुई है। मौत के बाद घर पर सन्नाटा पसरा हुआ है। डीएम व एसपी ने रविवार देर रात ही पहुंचकर रिश्तेदारों से मुलाकात कर उन्हें ढांड़स बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
लखीमपुर में हुई हिंसा में मटेरा थाना क्षेत्र के मोहरनिया निवासी गुरुविंदर सिंह की भी मौत हुई है। इनकी उम्र महज 18 साल थी। मृतक किसान के एक भाई और एक बहन हैं। दोनों की शादी हो गई है। रिश्तेदारों की मानें तो वह पूजा-पाठ में विशेष रुचि रखते थे। मृतक किसान के चचेरे भाई पूरन सिंह ने बताया कि वह रविवार को घर से लखीमपुर में रिश्तेदार के यहां जाने की बात कहकर घर से निकले थे। शायद वह रास्ते में किसान आंदोलन में फंस गए और भगदड़ व हिंसा की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। शाम को सूचना मिली कि उनकी मौत हो गई है। मौत की सूचना पर पूरे गांव में मातम सा पसरा रहा। देर रात डीएम डॉ. दिनेश चंद्र व एसपी सुजाता सिंह ने दौरा किया और परिजनों व रिश्तेदारों को ढांड़स बंधाते हुए आश्वासन दिया। सोमवार को दिनभर पुलिस मुस्तैद रही और गश्त करती रही।