नानपारा (बहराइच)। नानपारा कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर शाम पिकअप सवार सात अपहरणकर्ताओं ने फिल्मी अंदाज में बस को ओवरटेक करते हुए रोक लिया। इसके बाद बस में सवार मालिक का अपहरण कर लिया। अन्य यात्रियों ने विरोध किया तो सभी ने जमकर तांडव मचाया। बस में तोड़फोड़ करते हुए कंडक्टर के पास मौजूद रकम लूट ली। अपहरणकर्ताओं के जाने के बाद सवारियों से भरी बस लेकर परिचालक कोतवाली आया और लूट व अपहरण की आपबीती बताई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम गठित की और अपहरणकर्ताओं के चंगुल से मालिक को छुड़ाकर सात लोगों को गिरफ्तार किया। सभी को मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
श्रावस्ती जिले के लक्ष्मणपुर से दिल्ली के लिए प्राइवेट बस का संचालन होता है। मंगलवार शाम भिनगा थाना क्षेत्र के सिवाजोत गांव निवासी सुरेश कुमार यादव प्राइवेट बस में 50-60 सवारियों को लेकर अपने मालिक व अन्य लोगों के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुए। बताया जाता है कि जब बस नानपारा कोतवाली क्षेत्र के गुरगुट्टा चौैराहे के पास पहुंची तो पिकअप में सवार 20-25 लोगों ने फिल्मी अंदाज में बस को ओवरटेक करते हुए रोक लिया और बस रुकते ही सब चढ़ गए। बस मालिक अमरनाथ का अपहरण कर ले जाने लगे। इसका विरोध ड्राइवर व मालिक के भाइयों समेत अन्य यात्रियों ने किया। दबंगों ने विरोध करने पर बस में जमकर उत्पात मचाते हुए तोड़फोड़ की और कंडक्टर से 12 हजार रुपये भी लूट ले गए। मालिक का अपहरण व कंडक्टर से हुई लूट के बाद चालक सवारियों से भरी बस लेकर नानपारा कोतवाली पहुंचे और अपनी पीड़ा सुनाई।
नानपारा कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि चालक की तहरीर पर लूट व अपहरण का मुकदमा दर्ज कर टीम गठित की गई। चालक द्वारा बताए गए अपहरणकर्ताओं तक पहुंचकर सात लोगों की गिरफ्तारी करते हुए बस मालिक को मुक्त कराया गया। कोतवाल ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान श्रावस्ती जिले के भिनगा थाना क्षेत्र के खैरी गांव निवासी विजय, पतिराम, हेमंत, बुद्विसागर, रामसरन, रामादल व मुरली के रूप में हुई। पकड़े गए सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य लोगों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।