बहराइच। मेडिकल कॉलेज के सफाईकर्मी पर विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों के मोबाइल चुराने का आरोप लगा है। तीमारदारों ने सफाईकर्मी के विरुद्ध नामजद तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है, लेकिन अभी तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। बहराइच के ग्राम परना खजुरार निवासी अनुराग सिंह की माताजी का ऑपरेशन तीन दिन पूर्व मेडिकल कॉलेज में हुआ था। मेडिकल कॉलेज के सर्जन डॉ. पंकज श्रीवास्तव ने महिला का ऑपरेशन किया है। अनुराग ने बताया कि ऑपरेशन के बाद महिला वार्ड नंबर दो में भर्ती किया गया था। अनुराग ने सीएमएस व कोतवाली नगर में तहरीर में देकर कहा है कि वार्ड के सफाई कर्मी द्वारा मोबाइल चुरा लिया गया।
इसकी तहरीर 18 सितंबर को पुलिस चौकी जिला अस्पताल में दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी तरह श्रावस्ती के इकौना क्षेत्र निवासी महिला का मोबाइल भी इसी वार्ड से गायब हो गया जबकि विशेश्वरगंज निवासी भानमती का मोबाइल भी गायब हो गया। पहचान होने पर पीड़ितों ने चौकी में तहरीर दी। साथ ही सीएमएस को मामले से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है और न ही मोबाइल बरामद हुआ है। वहीं, आरोप लगने के बाद से सफाईकर्मी महिला वार्ड में नहीं जा रहा है। मामले में सीएमएस डॉ. ओपी पांडेय से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरे में यदि सफाईकर्मी वारदात करते कैद हुआ और लिखित शिकायत मिली तो कार्रवाई की जाएगी।