08 बीएचआर 05 - बहराइच में गणेश प्रतिमा को तैयार करते मूर्तिकार।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। गणेश महोत्सव का आगाज कल से हो रहा है। गणेश चतुर्थी को लेकर तैयारियां तेज हो गईं हैं। शाम होते ही बाजार ग्राहकों से गुलजार हो रहे हैं। भक्तगण गणेश प्रतिमा खरीदने के लिए बाजार में उमड़ रहे हैं। वहीं, मूर्तिकार इस बार भी अब तक निराशा हैं। जिला प्रशासन ने नई गाइड लाइन न आने का हवाला देकर सार्वजनिक स्थानों पर प्रतिमा रखने की इजाजत देने से मना कर दिया है।
देवों में प्रथम पूज्य भगवान गणेश की पूजा यूं तो हर कार्य में सबसे पहले होती है, लेकिन गणेश चतुर्थी का विशेष महत्व है। 10 सितंबर यानी कल गणेश चतुर्थी है। बाजार में भगवान गणेश की प्रतिमाओं के स्टॉल सज गए हैं। बाजार में भगवान गणेश की प्रतिमा 50 रुपये से लेकर दो हजार रुपये तक बिक रही है। गणेश महोत्सव को लेकर बाजार में एक अलग रौनक छाई हुई है। शाम को गणेश प्रतिमा की खरीददारी के लिए अच्छी भीड़ उमड़ रही है।
वहीं, कोरोना संक्रमण का दौर गुजरने के बावजूद मूर्तिकारों को इस बार भी निराशा ही हाथ लगी है। गणेश पूजा को लेकर कोई गाइड लाइन शासन की ओर से जारी नहीं की गई है। मूर्तिकारों ने बताया कि दो से लेकर चार फीट तक ही गणेश प्रतिमाएं बनाई जा रही हैं ताकि श्रद्धालु घर में प्रतिमा प्रतिष्ठित कर पूजा कर सकें। नगर मजिस्ट्रेट अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शासन से कोई गाइड लाइन नहीं प्राप्त हुई है। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों पर गणेश प्रतिमा रखने की अनुमति नहीं दी गई है।