फखरपुर (बहराइच)। कीर्तनपुर के निकट लगे बिजली के खंभे से पिकअप वाहन टकराकर पलट गया। जिससे विद्युत पोल टूट गया। बिजली का खंभा टूटने से रात 11 बजे से दोपहर एक बजे तक 123 ग्राम पंचायतों की बिजली प्रभावित रही। सवा लाख की आबादी को बिजली-पानी के लिए तरसना पड़ा। एक बजे बिजली आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
कोतवाली देहात अंतर्गत कीर्तनपुर गांव के निकट लखनऊ-बहराइच मार्ग पर बिजली के खंभे स्थापित हैं। इस खंभे से फखरपुर और तेजवापुर विकास खंड की ग्राम पंचायतों को बिजली आपूर्ति दी जाती है। गुरुवार रात 11 बजे के आसपास फखरपुर की ओर से आ रही पिकअप वाहन बिजली के खंभे में टकरा गई। जिससे विद्युत पोल टूट गया। विद्युत पोल टूटने से दोनों विकास खंड की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। लोग काफी देर तक परेशान रहे। बिजली कर्मियों को फोन लगाते रहे। काफी देर बाद पता चला कि बिजली का खंभा टूटने से आपूर्ति प्रभावित हुई है। गर्मी के चलते फखरपुर व तेजवापुर के लोग रात में सो नहीं सके। सभी सड़क पर टहलते हुए रात काटने को विवश हुए।
15 घंटे से दोनों विकास खंड के 123 ग्राम पंचायत की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप रही। सवा लाख की आबादी बिजली पानी के लिए तरसती रही। शुक्रवार दोपहर एक बजे के आसपास बिजली आपूर्ति शुरू हुई, तब लोगों ने राहत की सांस ली। इस मामले में एसडीओ सुनील कुमार दूबे से वार्ता की गई तो उन्होंने बताया कि एचटी लाइन का खंभा टक्कर के चलते टूट गया था। कर्मचारियों की कड़ी मशक्कत के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी है।