बहराइच। जहरीली व मिलावटी शराब पर पूरी तरह अंकुश लगाने को लेकर शनिवार को आबकारी व पुलिस महकमे ने संयुक्त रूप से जिले के रामगांव व हरदी थाना क्षेत्र के कई गांवों मेें छापेमारी की। टीम ने एक क्विंटल लहन को मौके पर नष्ट कर 85 लीटर तैयार कच्ची शराब बरामद की। टीम ने मामले मेें पांच मुकदमे दर्ज करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। टीम के अभियान से पूरे गांव मेें हड़कंप की स्थित मची रही। प्रदेश के आगरा जिले मेें जहरीली शराब के सेवन से हुई मौत के बाद शासन ने डीएम व एसपी को सख्ती के साथ कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए थे। प्रदेश के आबकारी आयुक्त ने डीएम को पत्र भेजकर आबकारी व पुलिस के सहयोग से अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
निर्देश के बाद डीएम व एसपी ने जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया की अगुवाई मेें आबकारी व पुलिस विभाग की टीमों को गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी के तहत शनिवार को टीम ने थाना रामगांव के फत्तेपुरवा, बढ़ईबगिया व थाना हरदी के लोनियनपुरवा गांव के दस स्थानों पर पूरी तरह नाकेबांदी कर ताबड़तोड़ छापा मारा। इस दौरान टीम ने एक क्विंटल लहन को मौके पर ही नष्ट करते हुए भारी मात्रा मेें शराब बनाने के उपकरण व 85 लीटर तैयार कच्ची शराब बरामद की। मामले मेें दोनों थानों पर पांच मुकदमे दर्ज कर चार लोगों को मौके पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। डीईओ लवानिया ने बताया कि गांव के घरों मेें बहुत ही गुपचुप तरीके से बड़े पैमाने पर अवैध शराब का धंधा चल रहा था। गांवों मेें मुखबिर को लगाया था। मुखबिर की सूचना पर गांव के दस स्थानों पर औचक छापा मारकर काफी मात्रा मेें उपकरण व शराब बरामद किया गया है। मामले मेें चार को लोगों को जेल भेजा गया है। शेष लोगों को चिन्हित किया जा रहा है।