28 बीएचआर 14 - बहराइच में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के लिए सजी प्रतिमा व झूले की दुकान।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। श्री कृष्ण जन्मोत्सव के लिए बाजार पूरी तरह सज गए हैं। जन्माष्टमी पर्व नजदीक आते ही बाजार में कान्हा की सुंदर पोशाकें, फूल व मूर्तियां अपनी ओर भक्तों को आकर्षित कर रहे हैं। बाजार में सबसे ज्यादा चांदी व माइकल के हिंडोले की मांग है। लड्डू गोपाल और हिंडोले के साथ ही कान्हा की बांसुरी भी कई आकार में उपलब्ध है। पगड़ी भी कई प्रकार व डिजाइन के मौजूद हैं। इस बार चांदी के हिंडोले में बैठकर कान्हा बांसुरी बजाएंगे और सिर पर मोर की पगड़ी चमकेगी।
30 अगस्त को भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव है। कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए जिले भर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जाएगी। इसके लिए तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। शहर के घंटाघर, पीपल चौराहा व अग्रसेन चौक पर पर्व को लेकर दुकानें सज गई हैं। बाजार में भगवान श्रीकृष्ण की छोटी व बड़ी मूर्तियां, बांसुरी बजाते कान्हा की मूर्ति, लड्डू गोपाल, झूले में झूलते भगवान श्रीकृष्ण व हिंडोले में बैठकर बासुंरी बजाते कान्हा अपने भक्तों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। बाजार में लड्डू गोपाल व हिंडोले में बैठे भगवान श्री कृष्ण की मांग खूब है। जन्माष्टमी को लेकर बाजारों में रौनक भी छाई हुई है। अग्रसेन चौक पर स्थित दुकानें भी सजी हुई है। दुकानदार प्रदीप सोनी ने बताया कि भगवान के श्रृंगार के लिए बीस रूपये से लेकर एक हजार रुपपये तक सामान उपलब्ध है। शाम को खरीददारी तेज रहती है।
चांदी का हिंडोला - सात हजार से लेकर 20 हजार रुपये तक
पीपल का झूला - 250 से लेकर 650 रुपये तक
माइकल का झूला- 150 से लेकर 550 रुपये तक
लकड़ी का झूला - 100 से लेकर 700 रुपये तक
लड्डू गोपाल - 100 से एक हजार रुपये तक
पगड़ी - 10 से लेकर 200 रुपये तक
मुकुट - 20 से लेकर 2000 रुपये तक
मोर मुकुट - 50 से लेकर 2500 रुपये तक