बहराइच। लगभग पांच माह बाद मंगलवार से जूनियर विद्यालयों के द्वार एक बार फिर से खुलेंगे। सुबह होते ही उत्सुकता के साथ बच्चे विद्यालय में प्रवेश करेंगे। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए प्रोटोकॉल का पूरा पालन कराया जाएगा। विद्यालयों के प्रबंधक व प्रधानाचार्य तैयारी को अंतिम रूप दे चुके हैं। डीआईओएस व बीएसए ने सभी विद्यालयों को सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराने के सख्त निर्देश दिए हैं। स्कूलों को गुब्बारे से सजाने की तैयारी हो रही है। वहीं, बच्चों का फूलों से स्वागत भी शिक्षक करेंगे।
कोरोना संक्रमण थमने के बाद सरकार ने कक्षा छह से आठ तक के विद्यालयों को खोलने की अनुमति दे दी है। जूनियर विद्यालय सोमवार से ही खुलने के निर्देश थे, लेकिन पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का स्वर्गवास होने के बाद तीन दिन तक राष्ट्रीय शोक व सोमवार को अवकाश की घोषणा सरकार द्वारा की गई थी जिसके चलते विद्यालय सोमवार को बंद रहे। अब मंगलवार से विद्यालय खुलेंगे। जिले में लगभग 688 जूनियर विद्यालय हैं जिनमें बच्चों की संख्या लगभग पौने दो लाख बताई जा रही है। बच्चों को शिक्षा देने के लिए विद्यालय सजकर तैयार हैं। विद्यालय में प्रवेश से पहले सैनिटाइजेशन किया जाएगा। बिना मास्क बच्चों को विद्यालय में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
स्कूल खुलने पर छात्र-छात्राओं को अभिभावकों के सहमति पत्र के साथ बुलाया जा रहा है। स्कूल पहुंचने पर बच्चों का स्वागत फूलों से होगा। कहीं गुब्बारे लगाए जाएंगे तो कहीं बच्चों को फूल, टॉफी और चॉकलेट देकर स्वागत करने की तैयारी है।
डीआईओएस डॉ. चंद्रपाल व बीएसए अजय कुमार ने बताया कि कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराने का निर्देश सभी विद्यालयों को दिया गया है। लापरवाही की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।