कैसरगंज (बहराइच)। रसूलपुर दरेहटा गांव में तैनात महिला लेखपाल को मुख्यमंत्री व राज्यपाल ने राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया है। मिशन शक्ति के तहत सम्मान मिलने पर साथी लेखपालों व महिलाओं ने हर्ष जताया है।
कैसरगंज तहसील अंतर्गत रसूलपुर दरेहटा गांव में अर्चना सिंह लेखपाल के पद पर तैनात हैं। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान के तहत ढकेरवा, नत्थूपुर, रसूलपुर, सिरौली कला, भिलोरा बसंती, कोठवल कला गांव की महिलाओं को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। महिलाओं को स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। गोष्ठी के जरिए महिलाओं को उनके अधिकार और हक के बारे में बताया। इस पर जिला प्रशासन ने पुरस्कार की संस्तुति शासन से की थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लेखपाल अर्चना सिंह को मिशन शक्ति के तहत राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया। मालूम हो कि अर्चना सिंह के पिता ओमप्रकाश सिंह किसान हैं। अर्चना की तैनाती वर्ष 2016 में लेखपाल के पद पर हुई थी। उन्होंने सफलता का श्रेय माता-पिता को दिया है। साथ ही महिलाओं को अपने हक के लिए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।