बहराइच। कोरोना काल में बच्चों की पढ़ाई को सुलभ बनाने के लिए सरकार की ओर से शुरू की गई दीक्षा एप पर जिले के शिक्षकों द्वारा तैयार की गई अंग्रेजी की ई-बुक अपलोड कर दी गई है। सात महीने में 17 शिक्षकों की टीम ने किताब तैयार कर शासन को भेजी थी। बेहतर वीडियो होने के कारण सेलेक्ट किया गया और सराहना करते हुए वीडियो को दीक्षा एप पर अपलोड कर दिया गया है।
जिले के पयागपुर शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान पयागपुर में उप शिक्षा निदेशक एवं प्राचार्य उदयराज के निर्देश पर डायट प्रवक्ता आकाश दुबे ने शिक्षकों की टीम बनाई और अंग्रेजी की किताब को तैयार करने में जुट गए। कक्षा चार के अंग्रेजी विषय की पुस्तक रेनवो के सभी पाठों का ई-कंटेंट तैयार किया गया। किताब का वीडियो तैयार होने के बाद शासन को भेजा गया। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं संस्थान द्वारा इसे दीक्षा पोर्टल पर अपलोड किया गया। अब पूरे प्रदेश के छात्र-छात्राएं एप के जरिए यह किताब आसानी से पढ़ सकेंगे।
शिक्षक आकाश दुबे, पूरनलाल चौधरी, अनिल कुमार, लोकेश श्रीवास्तव, अमित कुमार उपाध्याय, प्रतीक गुप्ता, विनय मिश्र, विशाल गांधी, आंचल श्रीवास्तव, अर्चना पांडेय, हिमानी पांडेय, यास्मीन बेगम, प्रतीक्षा त्रिपाठी, प्रीति मिश्रा, वसुंधरा, पूनम वर्मा व सीमा मौर्या ने मिलकर किताब को तैयार किया है। यह किताब सात महीने में तैयार की गई है।
टीम की मेहनत रंग लाई है। वीडियो सेलेक्ट कर एप पर अपलोड होने से शिक्षकों में हर्ष है। शिक्षक अब एक नई ऊर्जा के साथ काम शुरू करेंगे।
- उदयराज, डायट प्राचार्य, पयागपुर