बहराइच। मेडिकल कॉलेज के आईसीयू वार्ड में भर्ती नौ बच्चों की चार दिन में मौत की अफवाह बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर उड़ी, लेकिन सीएमएस ने मौतों से इंकार किया। वहीं, वार्ड से डेथ रजिस्टर भी गायब चल रहा है।
मेडिकल कॉलेज से संबद्ध महर्षि बालार्क अस्पताल में चिल्ड्रेन वार्ड संचालित है। बदल रहे मौसम के चलते इस समय बुखार व अन्य बीमारियों से ग्रस्त बच्चों का इलाज चल रहा है। आलम यह है कि बेड खाली नहीं हैं। मरीजों को ज्यादती कर डिस्चार्ज किया जा रहा है। चिल्ड्रेन वार्ड के आईसीयू व साधारण वार्ड पूरी तरह से फुुल हैं। रविवार से लेकर बुधवार रात तक आईसीयू में भर्ती नौ बच्चों की मौत की अफवाह बृहस्पतिवार सुबह से ही सोशल मीडिया पर वायरल होती रही। वार्ड में मौजूद डेथ रजिस्टर भी गायब है। इस बारे में सीएमएस डॉ. ओपी पांडेय से वार्ता की गई तो उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर अफवाह की सच्चाई की जांच की गई है। यह सिर्फ अफवाह ही है।