बहराइच। मनरेगा में ग्राम्य विकास विभाग द्वारा निकाली गई भर्ती में बड़ा खेल चल रहा है। सेवायोजन का पोर्टल काम ही नहीं कर रहा है। कुछ ठेकेदार जरूर बेरोजगारों को ठगकर अपनी जेबें भरने में लगे हुए हैं। वहीं अफसरों का कहना है कि साइट पर लोड अधिक हो गया है। अब रात या सुबह के समय ही आवेदन करना एकमात्र सहारा बचा है।
मनरेगा में कंप्यूटर आपरेटर, तकनीकी सहायक, अतिरिक्त कार्यक्रम समन्वयक समेत अन्य 1278 पदों के लिए ग्राम्य विकास विभाग ने आवेदन निकाले हैं। आवेदन करने के लिए सेवायोजन विभाग के पोर्टल पर लिंक उपलब्ध कराया गया है। मगर पोर्टल पर शुरुआती दौर से ही खामियां सामने आने लगी हैं। पहले दिन से ही पोर्टल कोई काम नहीं कर रहा है। आवेदन करने वाले युवा बेरोजगार राजेश सिंह, संदीप कुमार, रमेश आदि ने बताया कि सभी ने बेहतर भविष्य का सपना देखते हुए आवेदन करने का प्रयास किया है। मगर साइट पर सर्वर की खराबी बताई जा रही है। खोलने पर साट पर कोई भी काम नहीं हो पा रहा है। सभी का कहना है कि कुछ ठेकेदार व बिचौलिए आवेदन कराए जाने का दावा कर रहे हैं। वहीं अधिकारियों से बात करने पर कोई भी सही जवाब नहीं मिल पा रहा है। पूरी रात जागकर प्रयास किया जा रहा है। मगर दो दिन हो गए। जिले से एक भी व्यक्ति का ऑनलाइन आवेदन नहीं हो सका है।
सेवायोजन के पोर्टल पर लोड अधिक हो गया है। जिससे साइट नहीं चल रहा है। यह शासन स्तर का मामला है। मेरी सलाह है कि जो भी युवा आवेदन करना चाहते हैं, वह रात या सुबह सात बजे के करीब साइट पर फॉर्म भरें। दूसरा कोई रास्ता नहीं है।
केडी गोस्वामी, डीसी मनरेगा, बहराइच