29 बीएचआर 38 - नवाबगंज में इसी ट्रैक्टर से भिड़कर युवकों की हुई मौत।
- फोटो : BAHRAICH
नवाबगंज/उर्रा। नवाबगंज में अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे दो बाइक सवार लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा भिड़े। मौके पर ही दो युवकों की मौत हो गई जबकि महिला घायल हुई है। मोतीपुर में ससुराल जा रही महिला को पिकअप ने रौंद दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नवाबगंज थाना अंतर्गत चिलहरिया गांव निवासी दिनेश (30) पुत्र बीपत अपने रिश्तेदार पेड़वा गांव निवासी पुत्तीलाल (25) पुत्र समयदीन और माधुरी देवी (45) दो बाइक पर सवार होकर अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहे थे। थानाध्यक्ष पीके त्रिपाठी ने बताया कि दो बाइक पर सवार लोग थाना क्षेत्र के बसऊ गांव में अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। नवाबगंज-शंकरपुर मार्ग पर बघमरी गांव के निकट यूकेलिपटिस लादकर जा रहे ट्रैक्टर ट्रॉली में बाइक सवार पीछे से जा भिड़े। मौके पर ही दिनेश और पुत्तीलाल की मौत हो गई। जबकि माधुरी घायल हो गईं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। उधर कोतवाली मुर्तिहा अंतर्गत मझरा गांव निवासी रेशमा देवी (25) पत्नी महेश कुमार अपने मायके में थी। गुरुवार देर शाम को वह कुछ दूरी पर स्थित ससुराल भवानीबख्श गांव जा रही थी। नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर मंशापुरवा गांव के निकट अनियंत्रित पिकअप वाहन ने पैदल जा रही महिला को रौंद दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। चौकी इंचार्ज जालिमनगर एके द्विवेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है।