26 बीएचआर 38- महसी के मांझा दरिया बुर्द गांव में भरा बाढ़ का पानी।
- फोटो : BAHRAICH
महसी (बहराइच)। सरयू नदी का जलस्तर 34 सेंटीमीटर कम हो गया है। गांवों से पानी निकल गया है। अब तीन गांव बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं। वहीं, पानी निकलने के साथ ही संक्रामक बीमारियों के बढ़ने का खतरा उत्पन्न हो गया है। ग्रामीण सर्दी, जुकाम व बुखार से ग्रसित हैं। सूचना के बाद भी स्वास्थ्य टीम नहीं पहुंच रही है।
महसी तहसील में नदियों का पानी उफान पर आ गया था जिससे गांवों में पानी भर गया था, लेकिन तीन दिनों से जिले में बरसात नहीं हो रही है। नेपाल के पहाड़ों पर भी बारिश थमी हुई है। इसका असर नदियों में दिख रहा है। नदी का जलस्तर महसी में 34 सेंटीमीटर घट गया है। अब मात्र तीन गांव बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं। तहसील क्षेत्र के जोगलापुरवा, मांझा दरिया बुर्द समेत तीन गांवों के चारों तरफ पानी भरा हुआ है। पानी निकलने के साथ ही संक्रामक बीमारियों का प्रकोप भी बढ़ गया है। तहसील के बंधा, गोलागंज, नईबस्ती, जैतापुर, घूरदेवी गांव के लोग सर्दी, जुकाम व बुखार से पीड़ित हैं। सूचना के बाद भी स्वास्थ्य टीम गांव नहीं पहुंची है। सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि स्वास्थ्य टीम को प्रभावित गांव भेजकर ग्रामीणों की जांच कराई जा रही है।