उर्रा (बहराइच)। मधवापुर गांव में शनिवार दोपहर में एक ग्रामीण की झोपड़ी में तेंदुआ घुस गया। ग्रामीणों ने तेंदुए को घेर लिया। सूचना पाकर ककरहा रेंज के वनकर्मी मौके पर पहुंच गए। तेंदुए को पकड़ने के लिए झोपड़ी के चारों तरफ जाल लगाया गया है। साथ ही घर के बाहर पिंजड़ा लगा दिया गया है। तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए वनकर्मी निरंतर गश्त कर रहे हैं। ग्रामीणों की भीड़ के चलते तेंदुआ शाम तक बाहर नहीं निकल सका है।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा रेंज में तीन दिनों से तेंदुआ विभिन्न गांवों में जाकर हमला कर रहा है। शनिवार दोपहर में जंगल से निकलकर ककरहा रेंज के मधवापुर गांव में तेंदुआ पहुंच गया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ मधवापुर के रमतलिया गांव निवासी अशोक सोनी की झोपड़ी में घुस गया। तेंदुए के गांव आने की सूचना रेंज कार्यालय पर दी गई। सूचना पाकर वन क्षेत्राधिकारी इरफान, वन दरोगा आलोकमणि तिवारी, वन रक्षक अमर सिंह समेत अन्य कर्मचारी पहुंचे। सभी ने एकत्रित ग्रामीणों को वहां से दूर हटाया। इसके बाद तेंदुए को पकड़ने के लिए घर के चारों तरफ जाल लगा दिया गया, लेकिन शाम चार बजे तक तेंदुआ बाहर नहीं निकला। तेंदुए के घर में घुसे होने की सूचना वन क्षेत्राधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी आकाशदीप बाधवान को दी। डीएफओ के निर्देश पर वन विभाग की ओर से गांव में पिंजड़ा भी लगाया गया है। तेंदुए के सकुशल रेस्क्यू के लिए वन विभाग के साथ मुर्तिहा कोतवाली की पुलिस लगी हुई है। लेकिन देर शाम तक तेंदुआ पकड़ा नहीं जा सका है।
डीएफओ आकाशदीप ने बताया कि रमतलिया गांव निवासी अशोक कुमार के घर के बाहर बकरियां बंधी थीं। बकरी का शिकार करने के लिए तेंदुआ
झोपड़ी में घुस गया, लेकिन भीड़ के चलते वह बाहर नहीं निकल रहा है। सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।