फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अनुमति के बाद भी दुकान बंद करवा रही पुलिस, किसान व व्यापारी परेशान

विज्ञापन
विज्ञापन
बहराइच। सरकार ने खेती किसानी के लिए खाद व बीज की दुकानें खोलने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद पुलिस द्वारा डंडा फटकारकर दुकान बंद कराई जा रही है। व्यवसायी मजबूरी में दुकान बंद कर चले जाते हैं। वहीं, पुलिस की लाठी से बचने के लिए किसान भी भाग जाते हैं। सभी चोरी छिपे दवा, खाद व बीज खरीदने को विवश हैं।
विज्ञापन

जिला कृषि आधारित है। जिले की 80 प्रतिशत आबादी खेती-किसानी पर निर्भर है। किसान मुख्य फसलों के रूप में गन्ना, गेहूं व धान की बोआई करते हैं। इसके अलावा काफी मात्रा में किसान खेतों में सब्जी की बोआई करते हैं, लेकिन कोरोना संक्रमण में किसानों व दुकानदारों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सरकार ने कोरोना संक्रमण के चलते अप्रैल माह से लॉकडाउन लगा दिया था। इससे बोआई व दवा छिड़काव का काम प्रभावित हो रहा था। धान की नर्सरी की बोआई का समय भी आ गया है।
इसको देखते हुए सरकार ने जिले में संचालित राजकीय व प्राइवेट बीज, खाद व कीटनाशक की दुकान खोलने के निर्देश दिए हैं। सरकार का निर्देश मिलते ही दुकानदारों ने खाद व बीज की बिक्री शुरू कर दी, लेकिन दुकान खुलने की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच जाती है। डंडा फटकारकर पुलिस द्वारा खाद, बीज व कीटनाशक की दुकान बंद कराई जा रही है। इससे किसानों को जहां बीज व खाद नहीं मिल पा रहा है वहीं व्यवसायियों को भी नुकसान हो रहा है। सभी पुलिस की लाठी से बचने के लिए दुकान बंद कर चले जाते हैं। किसान भी पुलिस को देखकर चले जाते हैं। इसकी शिकायत भी दुकानदारों द्वारा की जाती है, लेकिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
विज्ञापन

महसी तहसील अंतर्गत राजीचौराहा में राजकुमार गोस्वामी की खाद व बीज भंडार की दुकान है। व्यवसायी का कहना है कि प्रतिदिन सुबह आठ बजे से 11 बजे तक दुकान खोलते हैं। किसानों के रहने पर दुकान खुला रहने की सूचना मिलते ही पुलिस आ जाती है। डंडा खाने से बचने के लिए दुकान बंद करना पड़ता है। मटेराचौराहा पर कीटनाशक व बीज की दुकान का संचालन नीरज कुमार पटेल करते हैं। नीरज ने बताया कि पुलिस द्वारा दुकान नहीं खोलने दिया जा रहा था। थानाध्यक्ष से शिकायत करने पर दुकान खोलने की अनुमति मिली।
शिवपुर विकास खंड अंतर्गत असवा मोहम्मदपुर गांव निवासी किसान पवन वर्मा का कहना है कि इस समय धान के नर्सरी बोआई का समय चल रहा है। लेकिन दुकान न खुलने से वह बीज की खरीद नहीं कर पा रहे हैं। महसी तहसील अंतर्गत ग्राम गरेठी गुरुदत्त सिंह निवासी रघुनाथ सिंह का कहना है कि खेतों में लगी सब्जी की फसल में कीटनाशक व खाद डालना है। लेकिन सुबह 11 बजे ही दुकान बंद हो जाने से उन्हें कीटनाशक नहीं मिल रहा है।
जिले में संचालित खाद, बीज व कीटनाशक की दुकान समयानुसार संचालित करने का निर्देश शासन ने दिया है। लेकिन कुछ क्षेत्रों में पुलिस द्वारा दुकान बंद कराया जाता है। इसकी शिकायत मिली है। सभी तहसील के उपजिलाधिकारी से वार्ता कर रहे हैं। इस समस्या से निजात दिलाने की कोशिश की जाएगी।
विज्ञापन

सतीश कुमार पांडेय, जिला कृषि अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें