बहराइच। पिपरीमाफी ग्राम पंचायत में दो महिला सदस्यों की जगह उनके प्रतिनिधि बने पतियों को शपथ दिला दी गई। इसका फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बीडीओ का कहना है कि बृहस्पतिवार वह स्वयं जाकर अपने सामने शपथ दिलाएंगे।
विकास खंड शिवपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत पिपरी माफी में मंगलवार को शपथ ग्रहण हो रहा था। यहां के सदस्यों को रोजगार सेवक अजय वर्मा शपथ दिला रहे थे। यहां से सदस्य कांति देवी की जगह उनके पति सुरेश कुमार और आरती देवी की जगह उनके पति मंगल प्रसाद शपथ ले रहे थे। इसका फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। प्रतिनिधियों के शपथ लेने पर सवाल भी खड़े होने शुरू हो गए। इस बारे में बीडीओ आनंद विक्रम से बात की गई तो उन्होंने बताया कि कुछ सदस्यों की जगह दूसरे लोगों के शामिल होने की सूचना मिली है। वह स्वयं गांव जाएंगे और फिर से शपथ दिलाई जाएगी। जांच कराकर कार्रवाई भी होगी।