बहराइच। देहात संस्था के मुख्य कार्यकारी की मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल में बुधवार को मौत हो गई। वह एक हफ्ते से कोरोना पीड़ित थे। वहीं सरदार पटेल इंटर कालेज के प्रधानाचार्य की होम आइसोलेशन में मौत हो गई। कोविड प्रोटोकॉल के तहत दोनों का अंतिम संस्कार करवा दिया गया है।
कोतवाली देहात के ताजखोदाई गांव निवासी डॉ. जितेंद्र चतुर्वेदी (46) पुत्र सीताराम चतुर्वेदी देहात संस्था के मुख्य कार्यकारी थे। देहात संस्था बाल श्रम पर काम करता था। संस्था के कार्यों की जानकारी के लिए अमेरिका, इंग्लैंड व आस्ट्रेलिया के लोग भी आते थे। डॉ. जितेंद्र एक हफ्ते पूर्व कोरोना पॉजिटिव आए थे। उनका ऑक्सीजन लेवल 65 के आसपास पहुंच गया था। इस पर उन्हें मेडिकल कॉलेज के एल-टू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑक्सीजन लेवल 92 तक पहुंच गया था।
इसके बावजूद बुधवार को उनकी मौत हो गई। कंट्रोल रूम के प्रभारी अफाक अहमद का कहना है कि इंफेक्शन होने के चलते उनकी कोरोना से मौत हो गई। उधर मटेरा थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी नदंकिशोर वर्मा (45) सरदार पटेल इंटर कालेज के प्रधानाचार्य थे। वह कोरोना पॉजिटिव आए थे। चिकित्सकों ने उन्हें होम आइसोलेट करा दिया था। हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को इलाज के दौरान प्रधानाचार्य की मौत हो गई। दोनों शवों का अंतिम संस्कार कोविड प्रोटोकॉल के तहत करा दिया गया है। समाजसेवी व प्रधानाचार्य की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।