बहराइच। भाजपा की सोच ईमानदार है और काम दमदार है इसीलिए आज कई यादव भाइयों ने भाजपा की सदस्यता ली। इस मौके पर मैं सबको इतिहास की बात बताना चाहती हूं। जब-जब विश्व में युद्ध हुआ तो राजपूत नहीं बल्कि यादव भाला लेकर आगे चलते थे। ये बातें सदर प्रत्याशी के नामांकन में पहुंचीं भाजपा नेत्री अपर्णा यादव ने कहीं।
विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सदर विधानसभा सीट से अनुपमा जायसवाल को उम्मीदवार बनाया है। सोमवार को उन्होंने नामांकन किया। नामांकन के दौरान भाजपा नेत्री अपर्णा यादव भी रहीं। कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक अपर्णा ने प्रत्याशी के साथ रोड शो किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है जिसके आचरण और व्यवहार में राष्ट्रवाद झलकता है जिसने हमें प्रभावित किया। पार्टी ने कहीं कोई कमी नहीं होने दी। किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं होने दिया।
अपर्णा ने विपक्षियों पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में गुंडे खुलेआम घूमते थे, लेकिन योगी की सरकार में गुंडे जेल में हैं। योगी सरकार ने ही गुंडों का पोस्टर लगवाया। इस मौके पर सांसद अक्षयवरलाल गोंड, जिलाध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल, जिला महामंत्री राघवेंद्र प्रताप सिंह, जिला मीडिया प्रभारी देवेंद्र मिश्रा, जिला मंत्री हेमा निगम, जयप्रकाश शर्मा, उर्मिला शुक्ला ,ज्योति सिंह, अनीता मिश्रा आदि मौजूद रहीं।