बहराइच में शनिवार को आयुर्वेदिक औषधि का निरीक्षण करते आयुष महानिदेशक।
बहराइच। उत्तर प्रदेश के महानिदेशक आयुष मानवेंद्र सिंह ने जिले का दौरा कर विभागीय कार्यालय तथा अस्पताल का निरीक्षण कर योजनाओं की हकीकत जानी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आमजन तक आयुष पद्धति पहुंचाई जाए।
महानिदेशक ने भवन व परिसर की स्वच्छता तथा रखरखाव का जायजा लेने के साथ विभागीय योजनाओं की हकीकत भी जानी। आयुष चिकित्सकों ने महानिदेशक को समस्याएं भी बताईं तो उन्होंने उनके शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया। महानिदेशक ने पं. दीन दयाल उपाध्याय आयुर्वेदिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर, जिला होम्योपैथिक कार्यालय, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय कुंडासर,आयुष्मान आरोग्य मंदिर गंडारा तथा राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय भकला इत्यादि का निरीक्षण किया।
विधायक ने 50 बेड के अस्पताल की उठाई मांग
आयुष महानिदेशक के बहराइच दौरे के समय निरीक्षण भवन में पयागपुर के भाजपा विधायक सुभाष त्रिपाठी ने 50 बेड के अस्पताल की मांग की। उन्होंने कहा कि आयुष के प्रति लोगों में बढ़ते रुझान को देखते हुए क्षेत्र में आयुष चिकित्सालय के विस्तार की आवश्यकता है। इस पर महानिदेशक ने विधायक से प्रस्ताव भेजने के बाद अपने स्तर से प्रयास की बात कही।